सीएम योगी ने की उत्तराखंड सरकार और सीएम धामी की तारीफ
देहरादून, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित दो मंजिला भवन के उद्घाटन के अवसर पर उत्तराखंड के यमकेश्वर पहुंचे। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के इस ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर केंद्र और राज्य सरकार का जो विशेष ध्यान है, उसी के अनुरूप यहां सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। यह देखकर अत्यंत प्रसन्नता होती है कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के रजत जयंती वर्ष में प्रवेश करते हुए निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें व्यवहारिक एवं कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार भवन की गुणवत्ता सुनिश्चित की गई है, उसी प्रकार शिक्षण की गुणवत्ता भी उच्चस्तरीय होनी चाहिए। शिक्षा में नवाचार से गांवों का समग्र विकास होगा तथा पलायन पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा। उन्होंने आत्मनिर्भरता पर बल देते हुए कहा कि दूसरों पर निर्भर रहने की प्रवृत्ति से ऊपर उठकर ही सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
#cmpushkarsinghdhami #pushkarsinghdhami #cmdhami #Dehradunnews #Uttarakhandnews,







