नई दिल्ली/देहरादून, खबर न्यू  इंडिया (न्यूज़ डेस्क): शिवसेना आम जनता और उनके अधिकारों के लिए लड़ने वाली पार्टी है। इसलिए पार्टी के प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को अपने जन कल्याणकारी कार्यों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिवसेना को पहुँचाना चाहिए, ऐसा आह्वान पार्टी के मुख्य नेता तथा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किया। इसके साथ ही शिवसेना देश के 25 राज्यों में एम्बुलेंस प्रदान करेगी, यह घोषणा भी शिंदे ने इस अवसर पर की। नई दिल्ली में आयोजित विभिन्न राज्यों के शिवसेना राज्य प्रमुखों की समीक्षा बैठक में वे बोल रहे थे। इस बैठक में शिवसेना के राष्ट्रीय सचिव कैप्टन अभिजीत अडसूल के साथ दिल्ली, गुजरात, मध्य प्रदेश, हरियाणा, ओडिशा, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश सहित देश के 15 राज्यों के राज्य प्रमुख और कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के प्रमुख दिशा-निर्देश:
आवश्यकता पड़ने पर 'शिवसेना शैली' में आंदोलन: शिक्षा, खेल, रोजगार, महिला, स्वास्थ्य, पानी, सड़कें और कृषि जैसे मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम करने के निर्देश शिंदे ने दिए। साथ ही, आम जनता के न्यायसंगत अधिकारों के लिए आवश्यकता पड़ने पर 'शिवसेना शैली' में आंदोलन करने की भूमिका अपनाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन: पार्टी की पकड़ मजबूत करने के लिए आने वाले कुछ महीनों में विभिन्न राज्यों में राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए, ऐसा भी उन्होंने कहा।
संगठनात्मक ढांचा और त्वरित नियुक्तियां: पार्टी के विस्तार को गति देने के लिए सभी राज्यों में तुरंत पदाधिकारियों की नियुक्तियां पूरी की जाएं। इसमें मुख्य रूप से राज्य स्तरीय पदाधिकारी, महिला अघाड़ी प्रमुख, युवासेना और अन्य संबद्ध संगठनों के पदाधिकारियों का चयन किया जाए।
दो महीने में एक्शन प्लान: सभी राज्य प्रमुख अपने-अपने राज्यों की राजनीतिक, सामाजिक स्थिति और आगामी चुनावों के दृष्टिकोण से अगले दो महीनों में एक ठोस 'एक्शन प्लान' (Action Plan) पार्टी नेतृत्व को प्रस्तुत करें।
नागरिक समस्याओं और स्थानीय मुद्दों पर जोर: पीने का पानी, सड़कें, स्वास्थ्य सेवाएं, ठोस कचरा प्रबंधन, स्कूलों की मरम्मत और स्वच्छ शौचालय जैसी दैनिक नागरिक समस्याओं को हल करने के लिए पदाधिकारी स्वयं पहल करें।
सदस्यता अभियान: पार्टी का दायरा बढ़ाने के लिए सभी राज्यों में व्यापक स्तर पर 'शिवसेना सदस्यता पंजीकरण अभियान' चलाकर पार्टी को अंतिम गांव और अंतिम घर तक पहुँचाया जाए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भव्य सामाजिक उपक्रम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके २५ वर्षों के सफल सार्वजनिक सेवा कार्यकाल को विभिन्न सामाजिक उपक्रमों के माध्यम से भव्य रूप से मनाने का संकल्प सभी राज्य प्रमुखों ने व्यक्त किया। इस सेवा सप्ताह के दौरान देश भर में रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर और युवाओं के लिए रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही जरूरतमंद छात्रों को कॉपी-किताबें और शैक्षणिक सामग्री वितरित की जाएगी।


"शिवसेना के पदाधिकारी केवल राजनीति के लिए नहीं, बल्कि समाज सेवा के लिए काम करते हैं। बूथ स्तर तक पार्टी के नेटवर्क को मजबूत करना और जनता के सुख-दुख में उनके साथ खड़े होना ही हमारा मुख्य उद्देश्य है।" — एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री तथा मुख्य नेता, शिवसेना

#shivsena #Dehradunnews #Uttarakhandnews,