सिंगर अंकित बालियान की हत्या को लेकर अखिलेश यादव की टिप्पणी पर सियासी घमासान
शामली, खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): यूपी के शामली में बीते बुधवार को हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस को आशंका है कि हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के लिए शार्प शूटर एक दिन पहले भी मौके पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उस समय जिम के आसपास भीड़ अधिक होने के कारण आरोपी वारदात को अंजाम नहीं दे सके। अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाले शूटर अत्याधुनिक हथियारों से लैस थे। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश के मुताबिक, प्राथमिक जांच में हमलावरों के पास विदेशी हथियार होने की बात सामने आई है। शूटरों ने पिस्टल समेत अन्य अत्याधुनिक हथियारों से करीब 18 राउंड फायर किए थे।
बता दें कि अंकित बालियान बुधवार शाम जिम से निकलकर अपनी कार की ओर जा रहे थे। तभी घात लगाए चार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करके अंकित को मौत के घाट उतार दिया था। जहां अंकित का मर्डर हुआ, वो स्पॉट पुलिस थाने से सिर्फ 500 मीटर की दूरी पर है। इसलिए इस हत्याकांड के बाद लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। लोगों ने अंकित की डेडबॉडी को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। लोग, दोषियों के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं। दरअसल, अंकित बालियान, हरियाणा के रोहतक और सोनीपत में रहकर सिंगिंग और एक्टिंग का काम करते थे। अंकित हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों में आक्रोश है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स समेत विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दस हजार से अधिक पोस्ट साझा की जा चुकी हैं। लोगों ने हत्यारोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सिंगर अंकित बालियान की हत्या को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की टिप्पणी पर सियासी घमासान छिड़ गया है. भारतीय जनता पार्टी ने इस मुद्दे को जाट समाज से जोड़ने को लेकर निशाना साधा और कहा कि आप जातिवाद, क्षेत्रवाद और गोत्रवाद की बात कर रहे हैं जबकि अंकित बालियान के माता-पिता दुखी है. अखिलेश यादव के बयान पर यूपी सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि इस घटना में माता-पिता दुखी हैं और आप जातिवाद, क्षेत्रवाद और गोत्रवाद की बात कर रहे हैं. माता-पिता के साथ खड़ा रहना चाहिए और न्याय होना चाहिए. सरकार तैनात है, हरियाणा में पुलिस भेज रही है. STF लगी हुई है, इसमें भी तुरंत न्याय मिलेगा. पुलिस दिन रात लगी हुई है और किसी भी अपराधी को छोड़ा नहीं जाएगा."
#Haryanvisinger #AnkitBaliyanMurderCase #UttarPradesh #UPNews #shamlinews #Muzaffarnagarnews,






