महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार का विमान हादसे में निधन
खबर न्यू इंडिया (न्यूज़ डेस्क): महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार का विमान हादसे में आज सुबह निधन हो गया है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, उनका विमान बारामती एयरपोर्ट पर दूसरी बार लैंडिंग का प्रयास कर रहा था, तभी वह अनियंत्रित होकर क्रैश हो गया. यह हादसा सुबह करीब 8:45 बजे हुआ, जिसमें 66 वर्षीय अजित पवार और विमान में मौजूद अन्य चार लोगों की मौत हो गयी. स्थानीय लोगों ने बताया कि विमान नीचे आते ही नियंत्रण खो बैठा और जोरदार धमाके के बाद आग के गोले में बदल गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक के बाद एक 4–5 धमाके सुनाई दिए. हादसे के तुरंत बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई भी यात्री को बाहर नहीं निकाल पाया. इस घटना से देश भर में शोक की लहर है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी अजित पवार के निधन पर दुख जताया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर भावुक पोस्ट में लिखा, 'बारामती, महाराष्ट्र में हुए दुखद विमान हादसे से बहुत दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजन खो दिए। मैं इस क्षण में शोकग्रस्त परिवारों के लिए शक्ति और साहस की प्रार्थना करता हूं।'पीएम मोदी ने लिखा, 'अजित पवार जी लोगों के नेता थे, जिनका जमीनी स्तर पर मजबूत संबंध था। उन्हें महाराष्ट्र के लोगों की सेवा में मेहनती और समर्पित व्यक्ति के रूप में व्यापक सम्मान मिला। प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ और गरीब व वंचितों को सशक्त बनाने का उनका जुनून भी उल्लेखनीय था। उनका आकस्मिक निधन बेहद स्तब्ध करने वाला और दुखद है। उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ॐ शांति।'
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, 'महाराष्ट्र के बारामती में एक विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अजित पवार जी का असामयिक निधन एक अपूरणीय क्षति है। उन्हें महाराष्ट्र के विकास में, विशेषकर सहकारी क्षेत्र में, विशेष योगदान के लिए सदैव याद रखा जाएगा। मैं उनके परिवार, समर्थकों एवं प्रशंसकों के प्रति गहन शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं। ईश्वर इस दुर्घटना में मारे गए अन्य सभी लोगों के परिवारों को भी इस आघात को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।'
अजित पवार के निधन पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पोस्ट करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने लिखा, 'दादा चले गए! एक जमीन से जुड़े नेता, मेरे दोस्त और साथी, अजित दादा की प्लेन क्रैश में मौत बहुत दिल दहला देने वाली है। यह दिल तोड़ने वाला है। मेरा दिल सुन्न है। अपनी भावना बताने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। मैंने अपना मजबूत और अच्छा दोस्त खो दिया है। यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। यह एक ऐसा नुकसान है, जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। आज महाराष्ट्र के लिए बहुत मुश्किल दिन है।'
विमान में कौन-कौन थे
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान में कुल पांच लोग सवार थे। इनमें शामिल थे:
- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार
- एक पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO)
- एक अटेंडेंट
- पायलट-इन-कमांड
- फर्स्ट ऑफिसर
#AjitPawarPlaneCrash #AjitPawarDeath #indianews,







